बगहा। पश्चिम चंपारण के बगहा में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। भैरोगंज-बगहा मुख्य मार्ग पर परसा देउरवा के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वाहन पर सवार एक ही परिवार के पांच लोगों को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और ई-रिक्शा में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। घायल चालक की पहचान चौतरवा थाना क्षेत्र के रतवल गांव निवासी सुकट तुरहा (40 वर्ष), पिता हीरालाल तुरहा, के रूप में हुई है। अनुमंडलीय अस्पताल में डॉ. एस.पी. अग्रवाल ने उनका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार उपचार के बाद उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है। वहीं ई-रिक्शा में सवार एक ही परिवार के पांच लोगों को हल्की चोटें आईं, जिनका स्थानीय स्तर पर उपचार किया गया।
जानकारी के अनुसार सुकटी तुरहा छोटकी पट्टी बड़ागांव से एक परिवार को लेकर भैरोगंज जा रहे थे। इसी दौरान परसा देउरवा के पास पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा पलट गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि भैरोगंज-बगहा मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती है। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर नियमित निगरानी, गति नियंत्रण और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।












