वन महोत्सव सप्ताह का शुभारंभ, पूर्व प्राचार्य पं. भरत उपाध्याय ने किया वृक्षारोपण
बगहा,भितहा/मधुबनी,। महावीर इंटरप्राइजेज संस्थान परिसर में वन महोत्सव सप्ताह के अवसर पर पूर्व प्राचार्य पं. भरत उपाध्याय एवं पूर्व प्रधानाचार्य पं. रमाशंकर तिवारी ने वृक्षारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पं. भरत उपाध्याय ने कहा कि स्वस्थ और सुखी जीवन के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में मानव की आवश्यकताएं सीमित थीं और लोग प्रकृति की गोद में संतोष एवं शांति के साथ जीवन व्यतीत करते थे। लेकिन भौतिकता की बढ़ती दौड़ के कारण मनुष्य प्राकृतिक संसाधनों के दोहन और पेड़ों की अंधाधुंध कटाई में जुट गया है, जिससे पर्यावरण असंतुलित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवन की भागदौड़ में मनुष्य प्रकृति से दूर होता जा रहा है। ऐसे में जीवन को शांतिमय, सुखमय और आनंदमय बनाने के लिए वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाना होगा। इससे जल-जीवन-हरियाली मिशन को भी मजबूती मिलेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
उन्होंने सभी लोगों से हर वर्ष कम-से-कम दो पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पंडित जलेश्वर तिवारी, मनंजय तिवारी, सोनू कुमार तिवारी, निखिल तिवारी, अजीत तिवारी, आकाश मिश्रा, अरविंद राठवा, राजकुमार, हरि सिंह, धर्मेंद्र कुमार, पिंटू कुमार, प्रेम सागर, शिवा शुक्ला, चिराग पटेल, हार्दिक पटेल, जगन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।













