बगहा।SSB 21वीं वाहिनी, बगहा का भारत- नेपाल सीमा पर तैनाती व सफल इतिहास के 24 साल पूरे होने के अवसर पर वाहिनी का 24वाँ स्थापना दिवस कार्यक्रम श्री तपेश्वर संबित राउत, कमांडेंट के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पूरे उत्साह, गरिमा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ वाहिनी परिसर स्थित सर्वधर्म स्थल पर सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ, जहाँ देश व क्षेत्र की सुरक्षा, शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई।इसके उपरांत आकर्षक परेड द्वारा कमांडेंट महोदय को भव्य गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।इस अवसर पर कमांडेंट महोदय ने समस्त बल कार्मिकों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वाहिनी के सफल इतिहास, गौरवशाली परंपराएँ, अनुशासन, समर्पण एवं राष्ट्रसेवा की भावना प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने सभी कार्मिकों से पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ राष्ट्र एवं सीमा सुरक्षा के साथ साथ दूरगामी विकास व सुरक्षित भविष्य का दायित्व निर्वहन करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान वाहिनी के श्वान दस्ता द्वारा उत्कृष्ट एवं रोमांचक प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया, जिसकी सभी उपस्थित अतिथियों एवं बल कार्मिकों ने सराहना की। तत्पश्चात कमांडेंट महोदय द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले बल कार्मिकों को प्रशंसा- पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।समारोह के मुख्य अतिथि SSB DIG श्री हरि प्रकाशल विशिष्ट अतिथि श्रीमती राखी कटारिया, संदीक्षा अध्यक्षा, क्षेत्रक मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल, बेतिया, माननीय MLC श्री भीष्म शाहनी, कमांडेंट 44वीं वाहिनी नरकटियागंज, कमांडेंट 65 वीं वाहिनी बेतिया व अन्य अतिथिगण शामिल हुए।इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में संदीक्षा सदस्यों व बच्चों द्वारा मनमोहक कला प्रस्तुत किए गए। बल कार्मिकों द्वारा थारू, बिहू सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं लोकनृत्य प्रस्तुत कर भारत की सांस्कृतिक विविधता एवं एकता का सुंदर परिचय दिया।इसी अवसर पर श्रीमती राखी कटारिया, संदीक्षा अध्यक्षा द्वारा स्थापना दिवस संदीक्षा मिलेट्स मेला का शुभारंभ किया गया। मेले में वाहिनी के समस्त सीमा चौकियों द्वारा मिलेट्स (श्रीअन्न) से तैयार विभिन्न पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया, जिससे स्वस्थ जीवनशैली एवं पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के दौरान संदीक्षा सदस्याओं के लिए मटका फोड़, म्यूजिकल चेयर सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।तत्पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।समारोह का समापन सभी बल कार्मिकों, अधिकारियों, उनके परिवारजनों एवं आमंत्रित अतिथियों के साथ आयोजित सामूहिक बड़ा खाना के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।यह स्थापना दिवस समारोह पूरे क्षेत्र के लिए सशस्त्र सीमा बल की गौरवशाली परंपराओं, संगठनात्मक एकता, अनुशासन, पारिवारिक समन्वय तथा राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट समर्पण का प्रेरणादायी प्रतीक बना।

















