रोजगार, शिक्षा या अन्य प्रलोभनों के नाम पर अज्ञात लोगों के झांसे में नहीं आने की अपील, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना 112 या स्थानीय थाना को देने का आग्रह
बगहा।बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश पर सोमवार को बगहा पुलिस द्वारा मानव तस्करी के विरुद्ध व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिला मानव व्यापार निरोधक इकाई (एएचटीयू) ने लोगों को मानव तस्करी की रोकथाम, उससे बचाव तथा संदिग्ध गतिविधियों की पहचान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
अभियान के दौरान आमजन एवं छात्र-छात्राओं को बताया गया कि रोजगार, शिक्षा अथवा अन्य प्रलोभनों के नाम पर अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में न आएं। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या मानव तस्करी की आशंका हो तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि मानव तस्करी एक गंभीर अपराध है, जिसकी रोकथाम के लिए समाज की जागरूकता और सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। लोगों से अपील की गई कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि आमजन की सुरक्षा तथा मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे।














