कल 21 को गंडक पार स्थित बिजली संकट का मामला अब बिहार विधान परिषद के मानसून सत्र में उठेगा
भितहा--गंडक पार स्थित भितहा, पिपरासी, मधुबनी एवं ठकराहा प्रखंडों में लंबे समय से जारी बिजली संकट का मामला अब बिहार विधान परिषद के मानसून सत्र में उठेगा। स्थानीय एमएलसी सौरभ कुमार ने 21 जुलाई से शुरू हो रहे 213वें मानसून सत्र के लिए ऊर्जा विभाग से संबंधित तारांकित प्रश्न लगाया है।एमएलसी ने अपने प्रश्न में सरकार से पूछा है कि क्या यह सही है कि गंडक पार के चारों प्रखंडों के अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में लो-वोल्टेज एवं अनियमित विद्युत आपूर्ति की गंभीर समस्या बनी हुई है। उन्होंने यह भी जानना चाहा है कि इन क्षेत्रों की लगभग 90 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है, लेकिन पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिलने से किसान सिंचाई के लिए बिजली चालित मोटर एवं अन्य कृषि उपकरणों का उपयोग नहीं कर पा रहे हैंप्रश्न में यह मुद्दा भी है कि गंडक नदी में विद्युत संचरण लाइन के कई पोल क्षतिग्रस्त अथवा गिर जाने के बाद समय पर उनकी मरम्मत या पुनर्स्थापना नहीं होने से लो-वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या लगातार बनी हुई है। एमएलसी ने बताया कि सरकार से यह भी पूछा जाएगा कि यदि उपर्युक्त बातें सही हैं, तो भितहा, पिपरासी, मधुबनी एवं ठकराहा प्रखंडों में विद्युत लाइन के सुदृढ़ीकरण, पर्याप्त वोल्टेज उपलब्ध कराने तथा नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सरकार क्या ठोस कदम उठाएगी













