चौतरवा।ग्राम पंचायत पतिलार में शुक्रवार को मुहर्रम का पर्व पूरी श्रद्धा, अकीदत एवं आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। ताजिया जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। प्रशासन की मौजूदगी एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर समाजसेवी अमजद अली ने क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों एवं जनप्रतिनिधियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में पूर्व मुखिया धनंजय यादव, सुबोध कुमार, वार्ड सदस्य सहित दर्जनों सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग शामिल रहे।
पूर्व मुखिया धनंजय यादव ने कहा कि मुहर्रम का पर्व हमें आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देता है। ऐसे आयोजन समाज में सौहार्द को मजबूत करते हैं। उन्होंने सम्मान के लिए अमजद अली का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी धर्मों के पर्व मिल-जुलकर मनाने की परंपरा समाज को नई दिशा देती है।
अमजद अली ने कहा कि समाज में भाईचारा, प्रेम और आपसी सम्मान की भावना बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। मुहर्रम के अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को सम्मानित करने का उद्देश्य सामाजिक एकता और सौहार्द को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों के सहयोग से ही क्षेत्र में शांति एवं भाईचारे का वातावरण कायम रहता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवाओं एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। सभी ने एक-दूसरे को मुहर्रम की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।













