बगहा। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस कार्यालय बगहा में पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार की अध्यक्षता में जन सुनवाई का आयोजन किया गया। जन सुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी-अपनी शिकायतें और समस्याएं एसपी के समक्ष रखीं। पुलिस अधीक्षक ने सभी आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को प्रत्येक मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि लोगों को न्याय मिल सके और पुलिस के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हो।
जन सुनवाई में भूमि विवाद, आपसी मारपीट, पारिवारिक विवाद, साइबर अपराध, धोखाधड़ी सहित अन्य मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। सभी मामलों को संबंधित थानों एवं शाखाओं को अग्रेषित कर आवश्यक जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जन सुनवाई का उद्देश्य लोगों को उनकी शिकायतों के समाधान के लिए एक सुलभ और प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अपनी समस्याओं के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े। गौरतलब है कि पुलिस कार्यालय बगहा में प्रत्येक कार्य दिवस पर सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक नियमित रूप से जन सुनवाई आयोजित की जाती है। इस दौरान कोई भी नागरिक अपनी शिकायत, आवेदन या समस्या लेकर सीधे पुलिस कार्यालय पहुंच सकता है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इस व्यवस्था का लाभ उठाएं और किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर बेझिझक पुलिस से संपर्क करें।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि नियमित जन सुनवाई से न केवल शिकायतों का त्वरित निस्तारण संभव हो रहा है, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास, संवाद और सहयोग भी लगातार मजबूत हो रहा है।












