बगहा। NEET (UG) 2026 के परिणाम में बगहा के तीन होनहार छात्रों ने शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन किया है। मोंटफोर्ट विद्यालय, बगहा के पूर्व छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेडिकल प्रवेश परीक्षा में उल्लेखनीय रैंक प्राप्त की।
गुदरी बाजार निवासी व्यवसायी एवं सामाजिक कार्यकर्ता विनोद कुमार तिवारी की पुत्री पलक तिवारी ने 720 में 573 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक 27,757 प्राप्त की। वहीं न्यू कॉलोनी निवासी धीरज कुमार की पुत्री अन्वेषा प्रिया ने 634 अंकों के साथ ऑल इंडिया रैंक 2,973 तथा उनके पुत्र आर्यन गुप्ता ने 536 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 27,412 हासिल की।
तीनों विद्यार्थियों ने अपनी प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा मोंटफोर्ट विद्यालय, बगहा से पूरी की है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया।

इस उपलब्धि पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य ब्रदर विन्सेंट मदानु एवं उपप्रधानाचार्य ब्रदर विमल ने सफल छात्रों और उनके अभिभावकों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम के दौरान तीनों सफल छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।



















