दो वर्षों से बंद है नल-जल योजना, शुद्ध पेयजल के लिए तरसे 700 लोग; ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
बगहा अनुमंडल के मधुबनी प्रखंड अंतर्गत खोतहवा पंचायत के वार्ड संख्या 12 में पिछले लगभग दो वर्षों से मुख्यमंत्री नल-जल योजना के तहत शुद्ध पेयजल की आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण उमस और गर्मी के बीच करीब 700 की आबादी चापाकलों के सहारे अपनी प्यास बुझाने को मजबूर है। जिससे नाराज 12 नंबर वार्ड के लोगों ने शनिवार को प्रशासन के विरुद्ध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी किया।
ग्रामीणों प्रदीप ठाकुर, अशोक चौधरी, विकाऊ यादव, गोरख यादव, सुरेश यादव, वंशराज गुप्ता ने बताया कि नल-जल योजना बंद होने के कारण उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है। लोगों ने बताया कि पानी आपूर्ति बहाल कराने के लिए कई बार मधुबनी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सहित संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।
प्रशासन की उदासीनता से नाराज वार्डवासियों ने प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की और जल्द से जल्द नल-जल योजना की आपूर्ति शुरू कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने प्रखंड एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर खराब पड़ी नल-जल योजना को दुरुस्त कराया जाए, ताकि वार्ड के लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके और इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके।
इस संबंध में पूछने पर बीडीओ कुंदन कुमार ने बताया कि खोतहवा पंचायत के 12 नंबर वार्ड से किसी प्रकार का आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है अगर ऐसी शिकायत है तो जल्द ही 12 नंबर वार्ड में पानी की सप्लाई शुरू करने की व्यवस्था की जाएगी।













