नरकटियागंज
अनुमंडलीय अस्पताल के निरीक्षण के दौरान गंदगी और बदहाल शौचालय देखकर एसडीएम ने नाराजगी जतायी। उन्होंने प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार को सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और अस्पताल की कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का निर्देश दिया। चिकित्सकों व कर्मियों के शौचालय की स्थिति सुधारने को भी कहा।
एसडीएम ने लेबर रूम, ड्रेसिंग कक्ष, एक्सरे कक्ष, महिला वार्ड, एनबीएसयू और ओटी का जायजा लिया। ओटी में सर्जरी की जानकारी लेने पर बताया गया कि अस्पताल में सर्जन डॉ. विजय कुमार कार्यरत हैं। एसडीएम ने उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर उपयोग करते हुए अधिक से अधिक सर्जरी अस्पताल में ही कराने को कहा, ताकि मरीजों को बाहर नहीं जाना पड़े। ड्रेसिंग कक्ष को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने उपस्थिति पंजी जांचकर चिकित्सकों व कर्मियों को समय पर ड्यूटी करने की हिदायत दी। स्थानीय स्तर पर इलाज संभव होने पर मरीजों को अनावश्यक रेफर नहीं करने को कहा। मौके पर डॉ. गोविंद चंद्र शुक्ल समेत अन्य चिकित्सक व कर्मी मौजूद थे।



















