बगहा। बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश पर बगहा पुलिस जिला के पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने मंगलवार देर शाम पटखौली थाना को “गोद” लेकर उसका विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था की स्थिति और जनता से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य थाना स्तर पर स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देना, पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता लाना तथा आम लोगों के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करना है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, अवैध शराब कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने थाना में संधारित संदिग्ध व्यक्तियों के रजिस्टर, आगंतुक पंजी, जन-शिकायत पंजी और अन्य अभिलेखों के अद्यतन की स्थिति की भी जांच की। एसपी ने कहा कि थाने में आने वाले हर फरियादी की शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान एसपी रामानंद कौशल ने थाना परिसर में उपलब्ध जन-सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आम लोगों के साथ बेहतर व्यवहार करने तथा पीड़ितों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर थाना परिसर में “जन संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों और नागरिकों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को एसपी के समक्ष रखा। लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और शिकायतों के शीघ्र समाधान की मांग की। एसपी ने जनसंवाद के दौरान लोगों को भरोसा दिलाया कि पुलिस जनता की सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से संबंधित सभी समस्याओं का 15 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत करना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।













