बेतिया थाना क्षेत्र के गोड़वा टोला निवासी वीर बहादुर साह का पुत्र सोनू कुमार (26) शनिवार की सुबह करीब आठ बजे वृद्ध आश्रम के समीप हाईटेंशन विद्युत संचरण टावर पर चढ़ गया। बताया जाता है कि दोस्त द्वारा मोबाइल फोन ले लेने और पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया।
युवक के टावर पर चढ़ते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए। लोग उसे नीचे उतरने के लिए मनाते रहे, लेकिन वह करीब 60 फीट ऊंचे टावर पर बैठा रहा। यह टावर बेतिया से रामनगर तक एक लाख 32 वोल्ट की विद्युत आपूर्ति से जुड़ा है।
सूचना मिलते ही मुफस्सिल पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल विद्युत सप्लाई बंद कराई गई। एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी बुला ली गईं। पुलिस पदाधिकारी लंबे समय तक युवक को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था। वह बार-बार कह रहा था कि उसके एक दोस्त ने उसका मोबाइल फोन ले लिया है और पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही।
करीब चार घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान तेज धूप के कारण लोग भी परेशान हो गए। बाद में उसकी मां और स्वजन के समझाने पर युवक ने कहा कि पहले पुलिसकर्मी हटें, तब वह नीचे उतरेगा। इसके बाद पुलिसकर्मी करीब दो सौ मीटर दूर हट गए। इसके बाद वह टावर से नीचे उतरा और मौके से फरार हो गया।
पुलिस उसके घर पूछताछ के लिए पहुंची, लेकिन वह वहां भी नहीं मिला। बताया गया कि युवक की शादी हो चुकी है और उसे एक बेटा भी है। स्वजन के अनुसार करीब एक माह पहले वह शराब के मामले में जेल गया था। जेल जाने से पहले उसका मोबाइल फोन और लैपटॉप गायब हो गया था। जेल से लौटने के बाद लैपटॉप मिल गया, लेकिन मोबाइल फोन नहीं मिला। मोबाइल फोन से पैसे भी गायब बताए जा रहे हैं, जिससे वह नाराज था।
विद्युत विभाग के पदाधिकारियों ने बताया कि टावर के ऊपरी किनारे से तार के सहारे विद्युत आपूर्ति होती है और इंसुलेटर लगे होने के कारण टावर के लोहे में करंट नहीं रहता है। इस संबंध में सदर वन एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि पुलिस उसके घर गई थी, लेकिन वह फरार है और मामले में अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है।
डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध स्रोत जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। आधिकारिक पुष्टि, दस्तावेज या जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों में बदलाव संभव है।




