5.75 करोड़ से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन, बगहा में 100 बेड अस्पताल का भी शिलान्यास
बगहा।बगहा प्रखंड की पतिलार पंचायत के पतिलार गांव में शनिवार को स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। लगभग 5 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का उद्घाटन बगहा विधायक राम सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार, पीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।उद्घाटन समारोह में विधायक राम सिंह ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के निकट बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पतिलार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा मिलेगी और छोटी-बड़ी बीमारियों के उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं समर्पित भाव से कार्य करने की अपील की।इस अवसर पर विधायक ने बगहा अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में 29 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 100 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल भवन का भी शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल बनने के बाद अनुमंडल क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा गंभीर मरीजों को बड़े शहरों में रेफर करने की आवश्यकता काफी हद तक कम हो जाएगी।
सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं, प्रशिक्षित चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके। उन्होंने लोगों से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।समारोह में भाजपा बगहा जिलाध्यक्ष अचिंत्य कुमार लल्ला, बीपीएम अमित अचल, डॉ. आर.एस. मुन्ना, डीपीसी अमित कुमार, जीएमएन विनय कुमार सिंह, अस्पताल प्रबंधक शाहनवाज हुसैन, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. भूषण कुमार, अनुमंडलीय अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार तिवारी, जीएनएम, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष भूलन साह, प्रमोद प्रसाद काजू, नितेश पाठक, पप्पू राव, कर्मवीर मिश्रा, दीपू शाही, अमित मिश्रा, मनोज सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लिया। समारोह के दौरान क्षेत्रवासियों ने नए स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जनहित की महत्वपूर्ण पहल बताया।














