कठार पंचायत में लगा सहयोग शिविर, लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों ने सुनीं शिकायतें
मधुबनी (प. चम्पारण):
बिहार सरकार की पहल "विकसित भारत–समृद्ध बिहार" के तहत मंगलवार को मधुबनी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कठार के पंचायत सरकार भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया। वहीं लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण का आश्वासन भी दिया गया।
शिविर में जिला मुख्यालय बेतिया से आए डिप्टी कलेक्टर विकास कुमार ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर मधुबनी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कुंदन कुमार, अंचलाधिकारी (सीओ) नन्दलाल राम, प्रखंड प्रमुख विजया सिंह, जिला परिषद प्रतिनिधि जितेंद्र गुप्ता, स्थानीय मुखिया राजेश गुप्ता, दूधनाथ कुशवाहा, जितेंद्र यादव, बिजली विभाग के कनीय अभियंता (जेई) आदित्य राज, सीडीपीओ दिलीप कुमार सहित प्रखंड के सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर में राशन कार्ड, पेंशन, राजस्व एवं भूमि सुधार, सामाजिक सुरक्षा, बिजली, आंगनबाड़ी सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों की सुनवाई की गई। अधिकारियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार द्वारा आयोजित ऐसे सहयोग शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।













