राष्ट्रीय पल्स पोलियो (एनआईडी) अभियान के तहत रविवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बगहा-2 में पांच दिवसीय विशेष पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान का शुभारंभ स्थानीय विधायक राम सिंह ने नवजात शिशु को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक अभिभावक को अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलानी चाहिए। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना की और आमजन से सहयोग की अपील की।

कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. के.बी.एन. सिंह, प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. रणबीर सिंह, डॉ. अरसद कमाल, स्वास्थ्य प्रबंधक जितेंद्र कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अभियान के तहत हर्नाटांड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सभी क्षेत्रों में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए 164 हाउस-टू-हाउस टीमें, 45 ट्रांजिट टीमें, 2 मोबाइल टीमें और 3 स्टैटिक टीमें तैनात की गई हैं। अभियान की निगरानी के लिए 59 सुपरवाइजर, वैक्सीन प्रबंधन हेतु 1 डिपो तथा 13 सब-डिपो बनाए गए हैं।

अभियान के पहले दिन निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई, जबकि अगले चार दिनों तक स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद जीवन की अवश्य पिलवाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे और क्षेत्र को पोलियो मुक्त बनाए रखने का लक्ष्य सफल हो सके।













