बगहा, 30 जुलाई 2026। चेहल्लुम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय बगहा में अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती चांदनी कुमारी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएसपी साइबर बगहा, कार्यपालक पदाधिकारी बगहा, प्रखंड विकास पदाधिकारी बगहा-1 एवं बगहा-2, रामनगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी बगहा-2, थाना अध्यक्ष बगहा, पटखौली एवं रामनगर, अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी, उपसभापति श्रीमती रश्मि रंजन, पूर्व सभापति, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा समाजसेवी उपस्थित रहे।
बैठक में समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों ने चेहल्लुम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी चेहल्लुम पर्व शांतिपूर्ण एवं परंपरागत तरीके से मनाया जाएगा। उन्होंने संबंधित सभी विभागों को समन्वय बनाकर आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
अग्निशमन विभाग को अग्निशमन वाहन, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी बगहा एवं रामनगर को एम्बुलेंस तथा आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया। वहीं कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल बगहा को जुलूस मार्गों पर ढीले एवं क्षतिग्रस्त विद्युत तारों की मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया।
श्रावणी मेले के प्रारंभ होने के मद्देनजर कांवरियों एवं चेहल्लुम जुलूस के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने का निर्देश अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगहा एवं रामनगर को दिया गया, ताकि दोनों आयोजनों के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।
इसके अलावा रेंजर बगहा, मदनपुर एवं वाल्मीकिनगर को यात्रा मार्गों पर मगरमच्छों से संभावित खतरे को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।



















