विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, योजनाओं की जानकारी के साथ कई आवेदनों का हुआ तत्काल निष्पादन
बगहा,भितहा प्रखंड की चिलवनिया पंचायत में बुधवार को आयोजित प्रशासनिक सहयोग शिविर ग्रामीणों के लिए जनसेवा का प्रभावी मंच साबित हुआ। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने एक ही परिसर में लोगों की शिकायतें सुनीं, सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों से आवेदन प्राप्त कर कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया संजय यादव ने की।
प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार प्रशांत ने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान कल्याण योजनाओं तथा जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र से संबंधित अनेक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका निर्धारित प्रक्रिया के तहत शीघ्र निष्पादन किया जाएगा।
अंचलाधिकारी अमरदीप कुमार ने कहा कि भूमि एवं राजस्व से जुड़े मामलों के पारदर्शी और समयबद्ध समाधान के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

प्रखंड कृषि पदाधिकारी अशोक कुमार मानी ने किसानों को किसान निबंधन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषि यंत्रीकरण एवं अन्य कृषि योजनाओं की जानकारी दी। वहीं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी किशुनदेव साह ने अभिभावकों से बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने तथा नियमित विद्यालय भेजने की अपील की।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। अधिकारियों ने उनकी समस्याएं सुनीं, आवेदन स्वीकार किए और कई मामलों का तत्काल समाधान किया। जिन मामलों का निस्तारण मौके पर संभव नहीं था, उन्हें शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर सरपंच प्रतिनिधि संजय यादव,समाजसेवी जमालुद्दीन अंसारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



















