प्रखंड के कटैया पंचायत स्थित कटैया गांव के वार्ड संख्या-6 में गुरुवार की शाम एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान फिरोज मियां की पत्नी सकीना खातून के रूप में हुई है। उसकी शादी इसी वर्ष अप्रैल माह में हुई थी। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
सूचना पर पहुंची लौरिया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच,बेतिया भेज दिया। मृतका का मायका बगहा पुलिस जिला के नदी थाना (चौतरवा)क्षेत्र के नैनहा नौका टोला में है। मामले की जांच के क्रम में पुलिस मृतका की ननद, सास और गोतनी को पूछताछ के लिए थाने लाई है। थानाध्यक्ष इन्द्रजीत पासवान ने बताया कि सूचना मिली थी कि कटैया गांव में एक विवाहिता की हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंचने पर शव घर में जमीन पर पड़ा मिला।

ग्रामीणों ने बताया कि महिला ने दुपट्टे के सहारे घर में लगे बांस के चर से फंदा लगा लिया था। दरवाजा तोड़कर परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



















