दाखिल-खारिज के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत, भितहा अंचलाधिकारी ने एफआईआर दर्ज कराने का दिया निर्देश
भितहा (पश्चिम चंपारण)।
भितहा अंचल कार्यालय ने दाखिल-खारिज के नाम पर आम लोगों से अवैध वसूली की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। भितहा अंचलाधिकारी ने भितहा थाना प्रभारी को पत्र भेजकर मामले की जांच कर संबंधित मोबाइल नंबर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है।
अंचल कार्यालय से 7 जुलाई 2026 को जारी पत्रांक-410 के अनुसार, अंचल भीतहा क्षेत्र में सूचना मिल रही थी कि एक अज्ञात व्यक्ति मोबाइल नंबर 8092142365 से लोगों को फोन कर दाखिल-खारिज के नाम पर अवैध रूप से रुपये की मांग कर रहा है। शिकायत को गंभीर मानते हुए अंचलाधिकारी ने उक्त मोबाइल नंबर की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है।
अंचलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यों के नाम पर किसी भी प्रकार की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को भी भेज दी गई है। इसकी प्रतिलिपि भूमि सुधार उप समाहर्ता बगहा, पुलिस उपाधीक्षक बगहा, पुलिस अधीक्षक बगहा, अपर समाहर्ता बेतिया तथा जिला पदाधिकारी पश्चिम चंपारण को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सरकारी कार्य के नाम पर पैसे की मांग करता है तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।













