ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए बनी प्रेरणा
पश्चिम चम्पारण जिला के नरकटियागंज अनुमण्डल अंतर्गत गौनाहा प्रखण्ड के बजड़ा गाँव की बिटिया रिया कुमारी ने प्रतिभा, कठिन परिश्रम और दृढ निश्चय से विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (दिसंबर 2025) जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) परीक्षा उत्तीर्ण किया है। उसकी इस उपलब्धि से परिवार, गाँव, शिक्षा जगत के साथ जिला में प्रसन्नता है। रिया कुमारी की माँ गुड़िया मिश्रा व पिता विजय चौबे ने बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त किया है।

रिया ने वर्ष 2019 में मतिसरा कुँवर बालिका उच्च विद्यालय नरकटियागंज से मैट्रिक तथा वर्ष 2021 में टी.पी. वर्मा कॉलेज, नरकटियागंज से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने 2021 से 2024 तक काशी हिंदू विश्वविद्यालय से स्नातक (कला स्नातक ऑनर्स) तथा 2024 से 2026 तक हिंदी साहित्य में स्नातकोत्तर की शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दिसंबर 2025 में आयोजित विश्वविद्यालय अनुदान आयोग–राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (जेआरएफ) में सफलता प्राप्त कर वह ग्रामीण परिवेश की बेटियों की आइकन बन गई है।



















