चनपटिया। कुमारबाग थाना क्षेत्र के तुरहापट्टी गांव में आदित्य कुमार की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार सुबह मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने बेतिया-चनपटिया मुख्य मार्ग के कुड़िया कोठी चौक पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के कारण मुख्य मार्ग पर करीब कई घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
परिजनों और ग्रामीणों का कहना था कि घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उनका आरोप था कि पुलिस मामले में जल्द कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करे, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। शव को सड़क पर रखे जाने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
सूचना पर सदर एसडीपीओ अजीत कुमार और कुमारबाग थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया। पुलिस अधिकारियों ने मामले में जांच जारी होने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई किए जाने की बात कही।
काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के बाद परिजन शव को दाह संस्कार के लिए ले जाने को तैयार हुए। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शव को अंतिम संस्कार के लिए भेजा गया। शव हटाए जाने के बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सड़क जाम समाप्त कराया और मुख्य मार्ग पर यातायात सामान्य हुआ।
इधर, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। परिजन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।




















