राजधानी पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनसूराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत की घोषणा के बाद बगहा में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ जश्न मनाया।शहर के बगहा दो शास्त्री नगर स्थित जनसूराज कार्यालय में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी प्रोफेसर नंदेश पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर जीत की खुशी साझा की तथा मिठाइयां बांटी।कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने जनसूराज के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।नेताओं ने इसे बिहार की राजनीति में बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण जनादेश बताते हुए कहा कि
बांकीपुर की जनता ने विकास, पारदर्शिता और नई राजनीतिक सोच के पक्ष में अपना विश्वास जताया है।इस अवसर पर जनसूराज नेता कमरान अजीज, दीर्घ नारायण प्रसाद, संजय सिंह, ओबीसी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष उमेश गुप्ता तथा कार्यालय प्रभारी विनोद प्रसाद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी और पार्टी की सफलता पर खुशी जाहिर की।वक्ताओं ने कहा कि यह जीत जनसूराज की नीतियों, संगठन की लगातार मेहनत और जनता के भरोसे का परिणाम है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले दिनों में
जनसूराज पूरे बिहार में और अधिक मजबूती के साथ अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराएगा तथा जनता के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाता रहेगा।समारोह के अंत में कार्यकर्ताओं ने पार्टी की आगामी रणनीति पर भी चर्चा की और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।



















