प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत बुधवार को नगर निगम सभागार में विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बेतिया द्वारा सोलर मेला-सह-सोलर लोन मेला का आयोजन किया गया। उद्घाटन डीएम तरनजोत सिंह ने किया।
मौके पर डीडीसी काजले वैभव नितिन, महापौर गरिमा देवी सिकारिया, कार्यपालक अभियंता मदन कुमार, बगहा प्रमंडल के आलोक अमतांशु सहित मधुबनी, मझौलिया, चनपटिया, नरकटियागंज, रामनगर व सिकटा के सहायक व कनीय अभियंता मौजूद रहे।
मेले में उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर लगाने की प्रक्रिया, सब्सिडी और लोन की जानकारी दी गई। वेंडरों ने तकनीकी जानकारी साझा की। डीएम के निर्देश पर कई उपभोक्ताओं को मौके पर ही बैंक लोन स्वीकृत किया गया।
डीएम ने कहा कि यह योजना बिजली बिल घटाने के साथ हरित ऊर्जा को बढ़ावा देगी। जिले में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का लक्ष्य है। उन्होंने विभाग को जागरूकता अभियान तेज करने का निर्देश दिया। मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने पंजीकरण कराया।



















