बगहा। अनुमंडलीय अस्पताल परिसर से मंगलवार सुबह साइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर नगर के शास्त्री नगर वार्ड संख्या-15 निवासी एवं कांग्रेसी नेता फिरोज अंसारी ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर साइकिल बरामद करने और चोर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित फिरोज अंसारी ने बताया कि वह 30 जून की सुबह करीब 9:20 बजे इलाज कराने अपनी साइकिल से अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल परिसर में साइकिल खड़ी कर उस पर काले रंग का लॉक लगाकर इलाज के लिए अंदर चले गए। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो उनकी साइकिल वहां नहीं थी। आसपास काफी तलाश करने और लोगों से पूछताछ के बावजूद साइकिल का कोई सुराग नहीं मिल सका। फिरोज अंसारी ने अपने आवेदन में आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी साइकिल चोरी कर ली। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द साइकिल बरामद करने और घटना में शामिल आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि पीड़ित का आवेदन प्राप्त हो गया है। पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि उपलब्ध तकनीकी और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर साइकिल बरामद करने तथा आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

अस्पताल जैसे सार्वजनिक स्थान से दिनदहाड़े हुई चोरी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन आते हैं, ऐसे में वाहनों और साइकिलों की सुरक्षा के लिए निगरानी व्यवस्था और मजबूत किए जाने की जरूरत है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की हर पहलू से जांच कर जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।













