बगहा, 24 जून 2026। बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बुधवार को पटखौली थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालय अभिलेख, मालखाना, हाजत, लंबित कांडों तथा विधि-व्यवस्था संधारण से संबंधित कार्यों की गहन समीक्षा की गई।


एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अपराध नियंत्रण एवं लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने थाना क्षेत्र में गश्ती व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा आम लोगों की शिकायतों और समस्याओं का समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष पटखौली सहित सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा जनता को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराने के लिए सभी पुलिसकर्मी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करें।











