बगहा. बगहा अनुमंडल मुख्यालय परिसर में बुधवार को नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मियों ने सरकार एवं नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र मांगें पूरी करने की अपील की.प्रदर्शनकारी सफाई कर्मियों ने बताया कि उन्हें वर्तमान में प्रतिदिन 351 रुपये मजदूरी मिलती है, जो महंगाई के दौर में पर्याप्त नहीं है. उन्होंने दैनिक मजदूरी बढ़ाकर 600 रुपये करने की मांग की.
इसके अलावा सभी सफाई कर्मियों को निर्धारित वर्दी, पहचान पत्र (आईडी कार्ड) उपलब्ध कराने तथा उनका जीवन बीमा कराने की भी मांग उठाई.सफाई कर्मियों का कहना था कि वे शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन उन्हें मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित रखा गया है.

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सफाई कर्मी मौजूद रहे और अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण ढंग से धरना दिया. उन्होंने प्रशासन से जल्द वार्ता कर समस्याओं का समाधान निकालने

की अपील की, ताकि सफाई व्यवस्था भी प्रभावित न हो और कर्मचारियों को उनका उचित अधिकार मिल सके.


















