पुस्तकालय का सपना हुआ साकार: पकड़ीहवा खोतहवा विद्यालय में नवनिर्मित लाइब्रेरी का उद्घाटन, छात्रों को मिलेगा ज्ञान का नया केंद्र
मधुबनी (प. चम्पारण):
मधुबनी प्रखंड अंतर्गत राजकीय उत्क्रमित +2 माध्यमिक विद्यालय, पकड़ीहवा खोतहवा में बुधवार को शिक्षा के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि जुड़ गई। विद्यालय परिसर में नवनिर्मित पुस्तकालय कक्ष (लाइब्रेरी) का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख विजया सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा।
उद्घाटन के बाद प्रखंड प्रमुख विजया सिंह ने कहा कि पुस्तकालय किसी भी विद्यालय की आत्मा और ज्ञान का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र होता है। यह विद्यार्थियों में अध्ययन की आदत विकसित करता है, उनकी बौद्धिक क्षमता को बढ़ाता है तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने छात्रों से नियमित रूप से पुस्तकालय का उपयोग करने और पुस्तकों को अपना सच्चा मित्र बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए केवल कक्षाओं में पढ़ाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पुस्तकालय जैसी सुविधाएं भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। यह नई लाइब्रेरी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगी और उनमें ज्ञान अर्जित करने की नई ऊर्जा का संचार करेगी।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक नगेंद्र मिश्र ने पुस्तकालय निर्माण में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों की उपयोगी पुस्तकों का लाभ विद्यालय परिसर में ही मिल सकेगा, जिससे उनकी पढ़ाई और अधिक प्रभावी होगी।
।

इस अवसर पर रामायण साह, शंभू शरण वर्मा, संजय त्रिपाठी, प्रीति कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तकालय विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन, पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने और बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।














