पश्चिमी चंपारण।पुलिस जिला बेतिया के शिकारपुर थाना क्षेत्र के सतवरिया गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 19 वर्षीय गजाला खातून के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गजाला ने करीब ढाई महीने पहले प्रेम विवाह किया था। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना से पहले घर में बाइक की चाभी को लेकर देवर और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी दौरान गजाला भी वहां मौजूद थी। विवाद के कुछ देर बाद जब परिजनों ने उसे तलाशना शुरू किया तो उसका शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर शिकारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया है।
शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। प्रेम विवाह के महज ढाई महीने बाद हुई इस मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि बिना वैज्ञानिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके। फिलहाल पूरे मामले पर स्थानीय लोगों की नजर बनी हुई है और सभी को जांच रिपोर्ट का इंतजार है।















