बेतिया/नरकटियागंज: पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मलदहिया डुमरिया पंचायत के पंचायत सचिव शंकर सिंह को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, नल-जल योजना के तहत किए गए कार्य का 78 हजार रुपये का भुगतान लंबित था। आरोप है कि इस बकाया राशि को जारी करने के लिए पंचायत सचिव ने लाभार्थी से 28 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन होने के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही पंचायत सचिव ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये स्वीकार किए, टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे पटना ले जाया गया। इस कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय समेत क्षेत्र के अन्य सरकारी कर्मियों में हड़कंप मच गया है। निगरानी ब्यूरो की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।


















