गोबरौरा पंचायत के मटियरिया बंगाली कालोनी में शनिवार की रात करीब 9 बजे एक दंपती के बीच विवाद के दौरान पत्नी द्वारा पति के अंडकोष पर लात मारने से उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान अमुल चंद्र नमोदास के पुत्र अमित कुमार नमोदास (35 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपित पत्नी नीलम देवी को हिरासत में लिया गया है। थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और एफएसएल टीम ने करीब एक घंटे तक घटनास्थल की जांच की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस को हत्या के पीछे कुछ अन्य कारणों का भी संदेह है, जिसकी जांच जारी है।
बताया जाता है कि दंपती के बीच अक्सर विवाद होता था। शनिवार को भी दोनों में कहासुनी हुई थी। इसके बाद रात में पति ने पत्नी के साथ शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया, जिस दौरान गुस्से में पत्नी ने उसके अंडकोष पर लात मार दी।
परिजनों के अनुसार करीब चार महीने पूर्व भी दोनों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें पत्नी के मायके वालों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया था। दंपती की एक सात वर्ष का पुत्र और चार वर्ष की पुत्री है।
बताया जाता है कि दोनों की शादी करीब 9 वर्ष पूर्व हुई थी। अमित कुमार नमोदास एक आंख से दिव्यांग था और करीब तीन माह पहले उसका हर्निया का ऑपरेशन हुआ था, जिसके बाद वह शारीरिक रूप से कमजोर हो गया था और उसकी आंखों की रोशनी भी कम हो गई थी। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य यज्ञ देखने गए हुए थे और घर में केवल अमित कुमार नमोदास, उसकी पत्नी नीलम और छोटी बच्ची मौजूद थी।
डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध स्रोत जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। आधिकारिक पुष्टि, दस्तावेज या जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों में बदलाव संभव है।




