बगहा। बिहार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को पश्चिम चंपारण जिले के बगहा-1 प्रखंड की चार पंचायतों में जन सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। सलहा बरियरवा (पंचायत-55), बसवरिया (45), हरदी नादवा (49) और रायबारी महुअवा (57) पंचायतों में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन जमा किए।
शिविर में कुल 18 विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं से संबंधित जानकारी एवं सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। राशन कार्ड, ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वास्थ्य, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, राजस्व, दाखिल-खारिज, भूमि परिमार्जन, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र सहित कई विभागों के अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं और आवेदन प्राप्त किए। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि अन्य आवेदनों को निर्धारित समय सीमा में निपटाने का आश्वासन दिया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रदीप कुमार ने चारों पंचायतों का दौरा कर शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी विभागीय स्टॉलों पर पहुंचकर अधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली तथा लोगों को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

बीडीओ ने कहा कि जन सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना और विभिन्न योजनाओं का लाभ गांव स्तर पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिविर के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुपस्थिति या शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं मिलने पर संतोष जताया। अधिकारियों ने लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और पात्र लाभार्थियों से समय पर आवेदन करने की अपील की। प्रशासन का कहना है कि ऐसे शिविरों के माध्यम से सरकारी सेवाओं की पहुंच को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जा रहा है।














