बगहा अनुमंडल/पिपरासी:छितौनी–तमकुही रेल परियोजना के मुआवजे को लेकर पिपरासी क्षेत्र के किसान परेशान
भू-अर्जन विभाग के अधिकारियों की कथित मनमानी से गंडक पार के किसान मुआवजे के लिए भटकने को मजबूर।
पश्चिमी चंपारण के गंडक पार क्षेत्र में छितौनी–तमकुही रेल परियोजना के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण का मुआवजा समय पर नहीं मिलने से पिपरासी क्षेत्र के किसानों में भारी नाराज़गी है। किसानों का कहना है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद उन्हें अब तक मुआवजा नहीं मिला, जिससे आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मुआवजे में हो रही देरी की शिकायत लेकर स्थानीय किसानों ने वाल्मीकि नगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। किसानों की शिकायत पर विधायक ने तत्काल पश्चिमी चंपारण के जिला अधिकारी (DM) तरनजोत सिंह से बातचीत कर मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, जिला अधिकारी ने आश्वासन दिया कि यदि किसी अधिकारी द्वारा अनावश्यक रूप से मुआवजे में देरी की जा रही है, तो संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी तथा किसानों को नियमानुसार जल्द मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।













