बिहार सरकार के मत्स्य, डेयरी एवं पशुसंसाधन मंत्री नंदकिशोर राम का शनिवार को बगहा के छोटकी पट्टी में भाजपा ग्रामीण मंडल की ओर से भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। मंत्री के आगमन पर फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और पारंपरिक अंदाज में उनका आम से तुलादान कर सम्मान किया गया। इस अनोखे सम्मान समारोह ने कार्यक्रम का आकर्षण बढ़ा दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री नंदकिशोर राम ने अपने पुत्र और निजी सचिव पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि ये आरोप पूरी तरह निराधार, बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित हैं। उनका कहना था कि कुछ लोग उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने और जनता के बीच भ्रम फैलाने के उद्देश्य से इस तरह की साजिश कर रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका और जांच प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है। सत्य कभी छिप नहीं सकता और समय आने पर सभी तथ्य सामने आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ समझ रही है और झूठे आरोपों से उनकी छवि को धूमिल नहीं किया जा सकता। बगहा को राजस्व जिला बनाने की लंबे समय से उठ रही मांग पर भी मंत्री ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बगहा विधायक राम सिंह ने इस महत्वपूर्ण मुद्दे को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया था, जिसका उन्होंने सदन में समर्थन किया था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मांग को एक बार फिर सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा और बगहा को राजस्व जिले का दर्जा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

प्रशासनिक व्यवस्था और लोगों को सरकारी सुविधाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। यदि बगहा को राजस्व जिले का दर्जा मिलता है तो क्षेत्र के लाखों लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और विकास की गति भी तेज होगी। मंत्री ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी दें, ताकि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।

कार्यक्रम में बगहा विधायक राम सिंह, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष विशाल पाण्डेय, पंकज झुनझुनवाला, अमर सिंह, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भुलन साह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला और मंत्री के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी हुई। स्वागत समारोह के बाद मंत्री ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की।













