चौतरवा।बगहा पुलिस जिला के चौतरवा थाना क्षेत्र के सिकटौर गांव में विवाह के महज तीन माह बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही चौतरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया। मामले में मायके पक्ष ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतका की पहचान सिकटौर गांव निवासी मन्नू राम की 20 वर्षीय पत्नी सोनम कुमारी के रूप में हुई है। सोनम, नवलपुर थाना क्षेत्र के सेमरी भवानीपुर गांव निवासी गोलू राम की पुत्री थी। परिजनों के अनुसार दोनों का विवाह करीब तीन माह पूर्व सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था।मृतका के चाचा कन्हैया ने बताया कि घटना की सूचना विवाह कराने वाले अगुआ सिकंदर राम ने फोन पर दी। सूचना मिलने के बाद परिजन जब सोनम के ससुराल पहुंचे तो उसके गले और सीने पर चोट के निशान दिखाई दिए। उनका आरोप है कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है।मायके पक्ष का आरोप है कि विवाह के समय दहेज में अपाचे मोटरसाइकिल की मांग की गई थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्होंने अपाचे की जगह स्प्लेंडर मोटरसाइकिल दी थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर ससुराल पक्ष लगातार सोनम को प्रताड़ित करता था और अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था।परिजनों का कहना है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर सोनम की गला दबाकर हत्या कर दी गई।प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया है। मायके पक्ष के लिखित आवेदन के आधार पर चौतरवा थाना कांड संख्या 258/26 दर्ज किया गया है। मामले में चांदनी कुमारी, विकास चौधरी, धनु राम, कृष्णावती देवी, संजय राम एवं मन्नू राम को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।













