बगहा एक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के पोषक क्षेत्र में पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत बगहा-1 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश सिंह नीरज द्वारा विभिन्न ट्रांजिट प्वाइंटों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों एवं पोलियो टीम के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने पर जोर दिया।
डॉ. राजेश सिंह नीरज ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक पांच वर्ष से कम आयु के बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ट्रांजिट प्वाइंट पर तैनात कर्मियों की उपस्थिति, दवा की उपलब्धता तथा बच्चों को दी जा रही खुराक की व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने टीम सदस्यों को निर्देश दिया कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों से गुजरने वाले किसी भी बच्चे को पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहने दिया जाए। साथ ही अभिभावकों को भी जागरूक करने की अपील की गई।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने अभियान में लगे सभी स्वास्थ्यकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही पोलियो मुक्त समाज का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद रहे।













