पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए अधिकारियों और कर्मियों को आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सम्मानजनक व्यवहार करने का निर्देश दिया। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

बगहा। पुलिस अधीक्षक बगहा ने सोमवार को रामनगर थाना का औचक निरीक्षण कर थाना की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित कांडों की गहन समीक्षा की और पुराने मामलों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना की संचिकाओं के रखरखाव, अनुसंधान कार्य में तेजी लाने, अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा थाना परिसर की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सभी मामलों की जांच समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए और प्रत्येक कांड का निष्पादन विधिसम्मत एवं गुणवत्तापूर्ण हो।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध पुलिस की छवि धूमिल करने वाली शिकायत प्राप्त होती है, तो उसे गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।













