बगहा। एक बेहद ही हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित तेल टैंकर ने मेहनत-मजदूरी कर लौट रहे एक मासूम परिवार के एकमात्र सहारे को हमेशा के लिए छीन लिया। एनएच 727 बगहा-बेतिया मुख्य मार्ग पर नगर थाना के समीप शुक्रवार की देर रात एक अनियंत्रित और तेज गति से आ रहे तेल टैंकर ने ठेला लेकर घर लौट रहे 30 वर्षीय सब्जी विक्रेता को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक हवा में गेंद की तरह उछलकर काफी दूर सड़क पर जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के दीनदयाल नगर निवासी स्वर्गीय धीरा भगत के 30 वर्षीय पुत्र विनय कुमार के रूप में हुई है। विनय कुमार रोज की तरह शुक्रवार को भी दिनभर ठेला पर सब्जी बेचकर देर रात अपने घर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह नगर थाना के समीप पहुंचा, पीछे से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार तेल टैंकर ने उसे रौंद दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि विनय का शरीर हवा में उछलते हुए दूर जाकर सड़क पर गिरा और उसने घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बगहा नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। इसके साथ ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भाग रहे तेल टैंकर को पकड़ने के लिए गश्ती दल को वायरलेस पर सूचना दी। नगर थाना और चौतरवा थाना की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संयुक्त रूप से घेराबंदी की और खदेड़कर तेल टैंकर को चौतरवा के पास दबोच लिया। पकड़े गए टैंकर का रजिस्ट्रेशन नंबर एनएल 01 एके 4089 (NL 01 AK 4089) है। हालांकि, पुलिस को आते देख टैंकर चालक रात के अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा।

मृतक के बहनोई धनंजय कुशवाहा ने रोते हुए बताया कि विनय कुमार अपने पूरे परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। वह दिन-रात मेहनत कर सब्जी बेचता था और उसी से पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। विनय की मौत से हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह बिखर गया है। मृतक के पीछे उसका एक डेढ़ वर्ष का मासूम पुत्र है, जिसे अभी यह भी नहीं मालूम कि उसके पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे। वहीं, विनय की पत्नी सरिता देवी वर्तमान में गर्भवती हैं। पति की इस असामयिक और दर्दनाक मौत की खबर सुनते ही पत्नी सरिता देवी और मां शांति देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उनकी चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया है।

इस दुखद घटना के बाद मृतक की मां शांति देवी ने आरोपी टैंकर चालक के खिलाफ बगहा नगर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। मामले को लेकर नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि यह मामला पूरी तरह से यातायात (ट्रैफिक) नियमों के उल्लंघन और दुर्घटना का है, इसलिए पीड़ित पक्ष के आवेदन को आगे की कार्रवाई के लिए यातायात थाना भेजा जा रहा है। यातायात थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। थानाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि फरार तेल टैंकर चालक की पहचान की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है, उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

इस दर्दनाक हादसे के बाद से दीनदयाल नगर सहित पूरे बगहा क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए अविलंब उचित सरकारी मुआवजा, पारिवारिक लाभ और अन्य सभी प्रकार की सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग की है, ताकि इस संकट की घड़ी में बेसहारा हुए परिवार को कुछ संबल मिल सके।














