अभिलेखों की जांच, अनुसंधान की समीक्षा और जनसंपर्क मजबूत करने पर दिया गया जोर
धनहा।बगहा पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को धनहा थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना में दर्ज लंबित कांडों की गहन समीक्षा की गई तथा पुराने मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया। साथ ही थाना के अभिलेखों, मालखाना, अनुसंधान की प्रगति एवं विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के समुचित संधारण तथा गोपनीय दस्तावेजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना में पदस्थापित सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करने की नसीहत दी।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आम नागरिकों के साथ शालीन, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान लंबित अनुसंधानों के शीघ्र निष्पादन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा अपराध नियंत्रण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस की छवि धूमिल करने वाली किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बगहा पुलिस ने बताया कि वार्षिक निरीक्षण का उद्देश्य थाना की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुख बनाना है, ताकि आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सके।





















