बगहा। बगहा-2 अंचल क्षेत्र के पिपरा धिरौली पंचायत में सरकारी शौचालय तोड़कर उस स्थान पर निजी मकान बनाए जाने के मामले में जांच के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का निर्देश दिया है। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) बगहा ने अंचल अधिकारी बगहा-2 को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा है।
मामला पिपरा धिरौली निवासी कमलेश दुबे के आवेदन से जुड़ा है। अंचल कार्यालय द्वारा एसडीएम को भेजी गई जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि वार्ड संख्या 14 में लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत छह सीट वाले शौचालय और स्नानघर का निर्माण कराया गया था। जांच के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि योगेंद्र यादव और अभिषेक यादव ने शौचालय को तोड़कर वहां अपने घर का निर्माण कर लिया है। वर्तमान में उस स्थान पर शौचालय मौजूद नहीं है।

जांच रिपोर्ट के अनुसार संबंधित भूमि का एक हिस्सा गैरमजरुआ मालिक तथा दूसरा हिस्सा नहर की सरकारी भूमि के रूप में सर्वे खतियान में दर्ज है। इस आधार पर रिपोर्ट में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि की गई है।
एसडीएम ने अंचल अधिकारी को भेजे पत्र में कहा है कि जांच प्रतिवेदन के आधार पर अतिक्रमित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन के निर्देश के बाद अब मामले में आगे की कार्रवाई अंचल कार्यालय द्वारा की जाएगी



















