बगहा। पुलिस जिला बगहा के नगर थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गंडक नदी के दीनदयाल नगर घाट पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही शराब कारोबारी मौके से फरार होने में सफल रहा। जानकारी के अनुसार, शनिवार को नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से गंडक नदी मार्ग के रास्ते नाव के माध्यम से अवैध शराब की खेप दीनदयाल नगर घाट पर उतारी जा रही है। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की। पुलिस बल को देखते ही तस्कर मौके से भाग निकला, लेकिन तलाशी के दौरान घटनास्थल से कुल 18 लीटर बीयर तथा 25.920 लीटर 8 PM अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है और फरार आरोपी की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। नगर थाना पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
बगहा के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। सीमावर्ती क्षेत्रों और नदी मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से एक बार फिर यह स्पष्ट हुआ है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए बगहा पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।












