बगहा। नगर थाना क्षेत्र के महिपुर गांव में सांप के डंसने से 45 वर्षीय चंद्रभान राय गंभीर रूप से बीमार हो गए। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। पहले उनका स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल चंद्रभान राय, स्वर्गीय रामबड़ाई राय के पुत्र हैं। अस्पताल में डॉ. संजय गुप्ता और उनकी टीम ने मरीज का प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचाने के कारण उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। मरीज की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यक दवाएं दी जा रही हैं।
घटना के बाद परिजनों ने एक सपेरे को बुलाकर सांप को पकड़वाया। सपेरे ने विषैले सांप को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया। गांव में सांप पकड़े जाने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कई लोग सांप को देखने के लिए जुटे, जबकि अन्य अस्पताल पहुंचकर पीड़ित का हालचाल लेते रहे। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की कि सांप के डंसने की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार पर भरोसा न करें। ऐसी स्थिति में मरीज को बिना देर किए नजदीकी अस्पताल पहुंचाना चाहिए, ताकि समय रहते एंटी-स्नेक वेनम और अन्य आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मरीज की हालत पर चिकित्सकों की लगातार नजर बनी हुई है। बरसात के मौसम में खेतों और रिहायशी इलाकों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, रात में टॉर्च का उपयोग करने और सर्पदंश की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह दी है।














