पतिलार पंचायत में जन-जागरूकता शिविर आयोजित, बच्चों के पूर्ण टीकाकरण पर दिया गया विशेष बल

चौतरवा।प्रखंड बगहा एक के पतिलार पंचायत में मुखिया पायल मिश्रा के नेतृत्व में जन जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को टीकाकरण के महत्व एवं उसके लाभों के प्रति जागरूक करना था। शिविर में उपस्थित लोगों को बताया गया कि समय पर टीकाकरण बच्चों को गंभीर बीमारियों, विकलांगता तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी खतरों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।कार्यक्रम के दौरान सीओपीडी (कम्युनिटी ऑफ प्रैक्टिस फॉर डिमांड) के सीनियर मैनेजर मनोज कुमार सिंह एवं सीनियर मैनेजर शशिकांत पांडे ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए समय पर सभी आवश्यक टीके लगवाना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपने बच्चों का पूर्ण टीकाकरण कराने की अपील की।इसके अलावा ORC रामजीत वर्मा, DC उमेश कुमार तिवारी तथा मुखिया प्रतिनिधि डॉ. अभिषेक मिश्रा ने भी टीकाकरण के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीकाकरण कई गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है और समाज को स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां प्राप्त कीं। उपस्थित लोगों ने टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया। कार्यक्रम के अंत में लोगों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों का समय पर पूर्ण टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण हो सके। इस कार्यक्रम में पंचायत के जनवितरण प्रणाली दुकानदार,समाजसेवी, सेवानिवृत शिक्षक, ग्रामीण डॉक्टर,सरपंच, वार्ड सदस्य सहित तमाम लोग मौजूद रहे।












