बगहा। नगर के एक्सिस बैंक के समीप मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-727 (बगहा-बेतिया मुख्य मार्ग) पर जाम और आगजनी करने वालों पर अब पुलिस प्रशासन शिकंजा कसने की तैयारी में है। करीब दो से ढाई घंटे तक चले सड़क जाम के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी है।
फोटो और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपितों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह एक्सिस बैंक के समीप बड़ी संख्या में लोगों ने एनएच-727 को जाम कर दिया था। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर टायर जलाकर आगजनी भी की गई, जिससे बगहा-बेतिया मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्कूल बसों में बैठे बच्चों, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, मरीजों और अन्य यात्रियों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए बाद में बगहा के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) चांदनी कुमारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) निहार भूषण भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका।

बुधवार को पुलिस प्रशासन ने पूरे मामले की समीक्षा की और स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध करना तथा सार्वजनिक सड़क पर आगजनी करना कानूनन गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब घटनास्थल के फोटो, वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की मदद से जाम और आगजनी में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।
नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग को बाधित करना और आगजनी जैसी घटनाएं कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं। इसमें शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


















