बेतिया के आसमान में मंडराते ड्रोन और जमीन पर मुस्तैद डॉग स्क्वायड की मदद से इलाके में छुपे अवैध शराब के अड्डों का खुलासा किया गया। गलियों और सुनसान ठिकानों पर लगातार छापेमारी से उन स्थानों का पर्दाफाश हुआ, जो लंबे समय से कानून की नजरों से बचते आ रहे थे।
मद्य निषेध उत्पाद विभाग की टीम जिले के विभिन्न इलाकों में शराब के धंधे पर रोक के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में अलग-अलग टीमों ने ड्रोन के साथ छापेमारी करते हुए बड़ी मात्रा में शराब जब्त की और 27 लोगों को गिरफ्तार किया।
उत्पाद विभाग की टीम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिपरा, मझौलिया के लाल सरैया और सेमरा में ड्रोन और डॉग स्क्वायड के साथ पहुंची, जहां शराब बनाने के लिए रखे गए 5610 किलोग्राम जावा, गुड़ आदि के घोल और 362 लीटर चुलाई शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
बलथर में छापेमारी के दौरान शिकारपुर थाना क्षेत्र के विक्रमपुर वार्ड छह निवासी सत्यदेव प्रसाद को 300 म नेपाली देसी कस्तूरी प्रीमियम शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
रेलवे सुरक्षा बल ने रामनगर के विक्रम साह को चार लीटर 855 मिलीलीटर विदेशी शराब के साथ उत्पाद विभाग को सौंपा। वहीं, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिपरा पकड़ी के समीप से पिपरा पकड़ी निवासी रजनेश कुमार को डेढ़ लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
नगर के हरिवाटिका चौक से हरिवाटिका चौक निवासी राजकुमार को 180 मिलीलीटर की 27 बोतल एट पीएम स्पेशल ब्लेंडर के साथ पकड़ा गया।
बेतिया, नरकटियागंज और बगहा अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए अभियान में कुल 27 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई। छापेमारी में मद्य निषेध विभाग के सहायक अवर निरीक्षक बिकु कुमार, आशुतोष कुमार, किरण कुमारी, आर किरण, अंकित कुमार, गौतम कुमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध स्रोत जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। आधिकारिक पुष्टि, दस्तावेज या जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों में बदलाव संभव है।




