लौरिया नगर पंचायत स्थित एक निजी अस्पताल में बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद 32 वर्षीय महिला की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने शव को अस्पताल परिसर में रखकर हंगामा किया और उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।
मृतका की पहचान बगहा पुलिस जिला
के मलपुरवा वार्ड संख्या-34 निवासी मंशा देवी के रूप में हुई है। मृतका के पति दीपू कुमार ने आरोप लगाया कि पत्नी को बच्चेदानी के ऑपरेशन के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके अनुसार अस्पताल में चिकित्सक मौजूद नहीं थे, फिर भी स्टाफ ने बिना समुचित जानकारी दिए ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन के बाद तबीयत बिगड़ने पर मरीज को बेतिया रेफर किया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल के चिकित्सक और अन्य कर्मी मौके से फरार हो गए। इधर, लौरिया थानाध्यक्ष इन्द्रजीत पासवान पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचकर जांच कर रहे हैं। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच के बाद प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।














