नरकटियागंज-रामनगर मुख्य मार्ग स्थित मनवापरसी सरकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक की बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से शिक्षा विभाग और परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गौनाहा थाना क्षेत्र के मंगुराहा वार्ड-01 निवासी 32 वर्षीय अविनाश कुमार के रूप में हुई है। वह मनवापरसी सरकारी विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में वह अपनी पत्नी मुस्कान कुमारी और पांच वर्षीय पुत्र आयुष कुमार के साथ नरकटियागंज बाजार स्थित किराये के मकान में रह रहे थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब नौ बजे अविनाश कुमार विद्यालय जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शिकारपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेजा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस कि जांच जारी है।



















