बगहा। पुलिस अधीक्षक बगहा के निर्देश पर 18 जुलाई 2026 की रात जिलेभर में विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य विभिन्न कांडों में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंटों एवं कुर्की की कार्रवाई का निष्पादन, अवैध शराब की बरामदगी तथा अवैध अग्नेयास्त्रों के खिलाफ सघन कार्रवाई करना था।

इस दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस ने फरार अभियुक्तों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी तथा वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया। साथ ही अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए सघन जांच की गई। अवैध हथियारों की बरामदगी को लेकर भी संदिग्ध स्थानों पर तलाशी अभियान संचालित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने आमजन से भी अपराध और अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके













