पश्चिमी चंपारण। जिले के नरकटियागंज अनुमंडल अंतर्गत शिकारपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को पंडई नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहा रहे आधा दर्जन बच्चों में से दो बच्चे अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों की सूझबूझ से एक बच्चे की जान बचा ली गई, जबकि 15 वर्षीय किशोर रेहान अंसारी नदी की धारा में लापता हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, लापता किशोर की पहचान जुल्फकार अंसारी के 15 वर्षीय पुत्र रेहान अंसारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रेहान अपने साथियों के साथ पंडई नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान नदी के गहरे हिस्से में पहुंचने से वह तेज बहाव में बह गया। उसके साथ एक अन्य बच्चा भी डूबने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मच्छरदानी की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस और अंचल प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। राजस्व अधिकारी अशोक कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। स्थानीय गोताखोरों की सहायता से नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इधर, सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है। टीम आधुनिक उपकरणों की मदद से नदी में रेहान की तलाश में अभियान चला रही है। देर शाम तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका था, जिसके कारण परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण पंडई सहित अन्य पहाड़ी नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ गया है। तेज बहाव और गहराई का सही अनुमान नहीं लग पाने के कारण ऐसे हादसों की आशंका बढ़ गई है। घटना के बाद रेहान के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे सर्च ऑपरेशन की जानकारी लेने के लिए जुटे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में उफनाई नदियों में स्नान करने या अनावश्यक रूप से नदी में उतरने से बचें। अधिकारियों ने कहा कि जलस्तर बढ़ने के कारण नदी की धारा बेहद खतरनाक हो सकती है और थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।















