विशेष रिपोर्ट : नई दिशा डिजिटल न्यूज
बगहा पुलिस जिला अंतर्गत वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के जंगल क्षेत्र में एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव दो टुकड़ों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव का सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों पर झाड़ियों के बीच छिपाया हुआ पाया गया, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई है।
मृतक की पहचान नौरंगिया थाना क्षेत्र के जरलहिया निवासी मुरारी यादव के रूप में हुई है। यह घटना वीटीआर के नौरंगिया थाना क्षेत्र के हरदिया चांटी इलाके की बताई जा रही है।
मृतक के पुत्र लालू यादव के अनुसार, मुरारी यादव बीते रविवार को गांव के पांच-छह अन्य लोगों के साथ घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। जब परिजनों ने उनके साथ गए लोगों से पूछताछ की, तो बताया गया कि मुरारी कहीं गए हैं और जल्द लौट आएंगे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना मिलते ही बगहा पुलिस हरकत में आ गई। बगहा पुलिस जिला की प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी, बगहा एसडीपीओ कुमार देवेंद्र तथा नौरंगिया थाना अध्यक्ष राज रौशन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नौरंगिया थाना अध्यक्ष राज रौशन ने बताया कि पुलिस टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर वरीय अधिकारियों को सूचित किया और मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस अपने स्तर से सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल, इस निर्मम घटना को लेकर इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

