लौरिया के
कटैया पंचायत के वार्ड छह स्थित कटैया गांव में नवविवाहिता सकीना खातून की संदिग्ध मौत के मामले में दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। मृतका की भौजाई जहांआरा खातून के आवेदन पर लौरिया थाना पुलिस ने पति समेत पांच लोगों को नामजद किया है। मामले में सास, ननद और गोतनी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि पति की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
प्राथमिकी के अनुसार, सकीना खातून की शादी 5 अप्रैल को बगहा पुलिस जिला के चौतरवा थाना क्षेत्र के नैनहा नौका टोला से कटैया निवासी फिरोज मियां के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल पक्ष बुलेट बाइक और 70 हजार रुपये दहेज की मांग करने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर सकीना को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।

आवेदन में कहा गया है कि गुरुवार को सकीना की मौत की सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे तो उसका शव घर में पड़ा मिला। गले पर निशान देखकर हत्या की आशंका जताई गई। भौजाई ने पति फिरोज मियां, सास शबनम खातून, ननद रुबी खातून और गोतनी बदरुल खातून पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।
थानाध्यक्ष इन्द्रजीत पासवान ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। पुलिस मामले की सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।



















